बलियापुर (धनबाद):
सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत समलापुर गांव की होनहार आदिवासी छात्रा रेशमा मरांडी ने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) की अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा में 84वीं रैंक प्राप्त कर जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया है। लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण उन्हें नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रेशमा की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद सिंदरी की भाजपा नेत्री तारा देवी मंगलवार को उनके आवास पहुंचीं और NIFT में नामांकन के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने रेशमा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र या छात्रा के सपनों के आड़े नहीं आना चाहिए।
तारा देवी ने कहा कि रेशमा मरांडी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए।
रेशमा मरांडी, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा धनबाद ग्रामीण के जिलाध्यक्ष रविश्वर मरांडी की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि रेशमा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी रेशमा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि वह NIFT में अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगी और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
















