गिरिडीह:जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति का आकलन करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मंगलवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र के महेशलुंडी स्थित मतदान केंद्र संख्या-79 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, मतदाताओं की भागीदारी तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाई जा सके।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के एचई हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 एवं 39 का निरीक्षण किया। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाई जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक प्रविष्टि का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं” यही इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
















