धनबाद: होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को सफल अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल धनबाद समाहरणालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात कर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने बताया कि जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया 6 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 1190 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इसके बाद 8 जून को मेरिट सूची भी जारी कर दी गई, लेकिन अब तक नियुक्ति की अगली प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे कई युवाओं ने अन्य रोजगार के अवसर भी छोड़ दिए हैं और अब वे जल्द नियुक्ति की उम्मीद लगाए हुए हैं।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने अभ्यर्थियों की बात सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि बहाली प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी कर नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
















