झरिया (धनबाद): भागा गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक (भागा माइनिंग कॉलेज) में तीसरे और चौथे सेमेस्टर का परिणाम लंबे समय से जारी नहीं होने पर सोमवार को छात्राओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। नाराज छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि संस्थान में शिक्षकों की कमी के कारण उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन समय पर पूरा नहीं हो सका। उनका आरोप है कि परिणाम में लगातार हो रही देरी से शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और आगे की पढ़ाई तथा करियर पर भी इसका असर पड़ रहा है।
छात्राओं ने बताया कि चौथे सेमेस्टर की परीक्षा करीब नौ महीने पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा लगभग पांच महीने पहले आयोजित हुई थी। इसके बावजूद दोनों सेमेस्टर के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मामले में कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य एस.बी. मिश्रा ने स्वीकार किया कि परिणाम जारी होने में देरी हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द दोनों सेमेस्टर का परिणाम जारी किया जा सके।
















