रांची: राजधानी रांची में कैब चालकों के प्रदर्शन के बाद अब रैपिडो बाइक राइडर्स भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर उतर आए हैं। सैकड़ों राइडर्स ने प्रदर्शन करते हुए कंपनी से किराया बढ़ाने और कमीशन में कटौती करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि पिछले दो वर्षों से किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया है, जबकि पेट्रोल, वाहन रखरखाव और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़े हैं। उनका कहना है कि मौजूदा भुगतान व्यवस्था में आजीविका चलाना कठिन होता जा रहा है।
राइडर्स के अनुसार, वर्तमान में 3 किलोमीटर तक का बेस फेयर 15 रुपये और उसके बाद 5 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान मिलता है। उनकी मांग है कि बेस फेयर 25 रुपये किया जाए, प्रति किलोमीटर किराया 8 रुपये निर्धारित हो और कंपनी का 30–35 प्रतिशत कमीशन घटाकर 20 प्रतिशत किया जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी। फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
















