धनबाद: झारखंड सरकार के निर्देश पर प्रखंड स्तर पर आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस शिविर की शुरुआत शुक्रवार को गोविंदपुर अंचल कार्यालय से हुई। लेकिन पहले ही दिन अव्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को घंटों तक कतार में खड़ा रहना पड़ा, जिससे नाराजगी बढ़ गई और कैंप परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सुबह से ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए हजारों की संख्या में आवेदक गोविंदपुर अंचल कार्यालय पहुंच गए। लेकिन भीड़ के अनुपात में पर्याप्त काउंटर, कर्मचारियों और व्यवस्थाओं का अभाव होने के कारण लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई आवेदकों ने आरोप लगाया कि कैंप में भीड़ प्रबंधन और आवश्यक सुविधाओं की उचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
घंटों इंतजार के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने कैंप परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा अंचल कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के साथ बदसलूकी किए जाने की भी सूचना सामने आई। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया।
आवेदकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने पहले से भीड़ का अनुमान लगाकर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, पर्याप्त काउंटर और बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था की होती, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। लोगों ने भविष्य में शिविरों के बेहतर संचालन की मांग की ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल प्रशासन कैंप की व्यवस्था को सुचारु बनाने और लोगों को सुविधाजनक तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
















