रांची: आगामी राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे पुलिस मुख्यालय, रांची में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) करेंगी, जिसमें श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में देवघर, दुमका, रेल धनबाद और जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इसके अलावा विशेष शाखा, रेल पुलिस, तकनीकी एवं संचार सेवा, गृहरक्षक एवं अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित जिलों को 10 जुलाई तक श्रावणी मेला की तैयारियों की अद्यतन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की जानकारी, भीड़ नियंत्रण की रणनीति, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल करने को कहा गया है।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि श्रावणी मेला देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन इस बार भी सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण मेले के आयोजन को लेकर पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटा हुआ है।
















