धनबाद/जमशेदपुर: जमशेदपुर में आयोजित पिकलबॉल चैम्पियनशिप के डबल्स वर्ग का खिताब रोहित और हिमांशु की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन के दम पर अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने आदित्य और राघव की जोड़ी को हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ धनबाद के खिलाड़ी रोहित ने जिले का नाम भी रोशन किया।
फाइनल मुकाबले में विजेता जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल, सटीक रणनीति और उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार और उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने विजेता जोड़ी रोहित एवं हिमांशु को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता आदित्य और राघव को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान किए गए।
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने कहा कि धनबाद के खिलाड़ी रोहित ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के साथ-साथ झारखंड में पिकलबॉल खेल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
















