देवघर: विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मंदिर परिसर में कूपन (शीघ्रदर्शन) और सामान्य श्रद्धालुओं की कतारों को अलग-अलग मार्गों से संचालित करने के लिए बनाए गए नए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। तकनीकी जांच सफल रहने पर इसे 15 जुलाई 2026 से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
मंदिर प्रभारी सह देवघर एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि अब तक टी-जंक्शन पर कूपनधारकों और सामान्य श्रद्धालुओं की कतारें एक साथ मिलने के कारण भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे श्रद्धालुओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था और शीघ्रदर्शन कूपनधारकों की ओर से भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने नया ओवरब्रिज तैयार कराया है। नई व्यवस्था के तहत कूपनधारक और सामान्य श्रद्धालु अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ेंगे। दोनों कतारें केवल मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप मिलेंगी, जिससे भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारू रहेगी।
प्रशासन का दावा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालु महज 2 से 5 मिनट में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इससे श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित दर्शन का लाभ मिलेगा।
हालांकि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अगले एक सप्ताह तक इसकी सुरक्षा और भार क्षमता की तकनीकी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट संतोषजनक रहने पर 15 जुलाई से इसे आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि यह हाईटेक व्यवस्था श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाएगी।
















