बोकारो: जिले में सामान्य से 52 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास स्थित कृषि संयुक्त निदेशालय का औचक निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने धान, दलहन एवं अन्य फसलों के बीज किसानों तक मिशन मोड में उपलब्ध कराने, किसान सहायता कोषांग को सक्रिय करने तथा उसे जिला कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण एवं पशुपालन विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संभावित सूखे से निपटने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से काम करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि चंदनकियारी, चास और जरीडीह प्रखंडों में वर्षा की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। ऐसे क्षेत्रों में किसानों को जल संरक्षण आधारित खेती, मल्चिंग तकनीक और कम पानी वाली फसलों को अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि संभावित सूखे की स्थिति में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और समय रहते प्रभावी राहत एवं सहायता सुनिश्चित की जा सके।
















