,

DhanbadNews:छाताबाद में भूधसान से दहशत, कई घर क्षतिग्रस्त; अवैध खनन पर उठे सवाल

JP Bharat Shareधनबाद: बाघमारा अनुमंडल के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के समीप मंगलवार को अचानक हुई भूधसान की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तेज धमाके जैसी आवाज के बाद जमीन धंस गई और उसके साथ ही पास स्थित एक तालाब का बड़ा हिस्सा भी धंसान की चपेट में आ गया।…

JP Bharat Share

धनबाद: बाघमारा अनुमंडल के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के समीप मंगलवार को अचानक हुई भूधसान की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तेज धमाके जैसी आवाज के बाद जमीन धंस गई और उसके साथ ही पास स्थित एक तालाब का बड़ा हिस्सा भी धंसान की चपेट में आ गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस भूधसान में आसपास स्थित आधा दर्जन से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई मकानों में दरारें पड़ गई हैं, जिससे लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र के करीब 70 से 80 घरों में रहने वाले लगभग 700 लोगों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। उनका आरोप है कि इलाके में लंबे समय से जारी अवैध खनन और भूमिगत गतिविधियों के कारण जमीन कमजोर हो चुकी थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल कतरास थाना से महज 500–600 मीटर की दूरी पर स्थित है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने कहा है कि भूधसान के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है और वे जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports