धनबाद: झरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मंगलवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने झरिया प्रखंड के फूसबंगला गांव में भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, धनबाद द्वारा बनने वाले नए प्राथमिक विद्यालय भवन की आधारशिला रखी। इसके बाद नुनीडीह बस्ती स्थित बाबू बासा में डीएमएफटी (DMFT) योजना के तहत बनने वाले ईजीएस/आईसीडीएस केंद्र (आंगनवाड़ी भवन) का भी शिलान्यास किया।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया का विकास केवल सड़क, बिजली और पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण जैसे क्षेत्रों में भी मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और माताओं व महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि फूसबंगला में बनने वाला नया विद्यालय भवन क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि नुनीडीह का नया आंगनवाड़ी केंद्र गर्भवती एवं धात्री माताओं, बच्चों और महिलाओं के लिए पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “झरिया के विकास की हमारी सोच केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है। हमारा लक्ष्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जहां हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर मां और बहन को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं तथा हर परिवार को विकास का समान अवसर मिले। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसलिए हमारी प्राथमिकता ऐसे स्थायी विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और बस्ती तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा एवं जनता श्रमिक संघ के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने शिक्षा और महिला-बाल कल्याण से जुड़ी इन परियोजनाओं की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे झरिया के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
















