, ,

Dhanbad jharia:44 करोड़ की सड़क पर संकट: झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग में दरारें, धंसने का बढ़ा खतरा

JP Bharat Shareधनबाद : धनबाद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। केंदुआ मुख्य मार्ग के बाद अब झरिया–सिंदरी–बलियापुर मुख्य मार्ग पर भी भू-धंसान और सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क निर्माण के महज एक…

JP Bharat Share

धनबाद : धनबाद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। केंदुआ मुख्य मार्ग के बाद अब झरिया–सिंदरी–बलियापुर मुख्य मार्ग पर भी भू-धंसान और सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही कई स्थानों पर उखड़ने लगी है। सड़क के बीचों-बीच दरारें, धंसान के निशान और क्षतिग्रस्त डामर ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि BCCL की कुजामा परियोजना में लगातार हो रही हैवी ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों के कारण सड़क की नींव कमजोर हो गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो यह मार्ग भी केंदुआ रोड की तरह बंद हो सकता है, जिससे हजारों लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।

गौरतलब है कि केंदुआ मुख्य मार्ग पिछले सात महीनों से भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण बंद है। अब झरिया–सिंदरी–बलियापुर मार्ग पर भी उसी तरह के संकेत दिखाई देने लगे हैं। कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है, डामर उखड़ गया है और भारी वाहनों की आवाजाही से स्थिति और गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोग इस मार्ग पर सफर करने में भय महसूस कर रहे हैं।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क का इतनी कम अवधि में क्षतिग्रस्त होना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि अनियोजित खनन और लगातार ब्लास्टिंग के कारण सड़क की मजबूती प्रभावित हुई है। वहीं सड़क की मरम्मत को लेकर पथ निर्माण विभाग और BCCL के बीच जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने से समस्या का समाधान भी लंबित है।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि 44 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क का इतनी जल्दी खराब हो जाना गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है। वहीं धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने भी सड़क निर्माण में तकनीकी खामियों और गलत एलाइनमेंट की जांच कराने की मांग की है।

इधर उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा प्राक्कलन तैयार कर BCCL को भेज दिया गया है। BCCL से राशि प्राप्त होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

फिलहाल झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग की बिगड़ती स्थिति ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और खनन गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन सुरक्षित बना रहे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports