धनबाद : धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ CISF और BCCL ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में करीब 40 टन अवैध रूप से जमा किया गया कोयला जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने कोयरीडीह स्थित एरिया-3, ब्लॉक-4 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) के पीछे ओबी डंप के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित करीब 40 टन कोयला बरामद हुआ, जिसे टीम ने तत्काल अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त कोयले को सुरक्षित रखने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध खनन, कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
सीआईएसएफ और बीसीसीएल की इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर आगे भी नियमित छापेमारी की जाएगी, ताकि राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
















