आसनसोल : पश्चिम बर्धमान के आसनसोल स्थित राहा लाइन क्षेत्र में शुक्रवार को हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सैकड़ों हॉकर सड़क पर उतर आए। आसनसोल हॉकर कमेटी (पश्चिम बर्धमान) के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदारों ने हिस्सा लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रशासन ने तय समय सीमा से पहले ही बुलडोजर कार्रवाई कर उनकी दुकानों को हटाया, जिससे कई परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। हॉकरों ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। साथ ही उन्होंने सभी हॉकरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में हॉकरों के सड़क पर उतरने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसनसोल साउथ थाना पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई। पुलिस ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी।
घटना की जानकारी मिलने पर आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से दुर्गापूजा तक हॉकरों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई नहीं करने की समय सीमा तय की गई है और आगे की कार्रवाई उसी निर्णय के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि हॉकरों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
हॉकरों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य बनी हुई है, जबकि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
















