धनबाद : धनबाद विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा शुक्रवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने की। बैठक में गणना प्रपत्र (EF) वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिन बीएलओ सुपरवाइजरों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें एसडीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तत्काल सुधार करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि डेटा एंट्री और पुनरीक्षण प्रक्रिया समय पर संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी कर नियमित रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एनडीसी दीपक कुमार दुबे, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, शनी कुमार, पुटकी के अंचल अधिकारी विकास आनंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।
















