,

भूली में चोरों का तांडव: एक ही रात तीन बंद घरों में लाखों की चोरी, इलाके में दहशत

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बी ब्लॉक में शुक्रवार रात चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात तीन बंद घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लगातार हुई इन वारदातों से पूरे…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बी ब्लॉक में शुक्रवार रात चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात तीन बंद घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लगातार हुई इन वारदातों से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पहली घटना बी ब्लॉक आवास संख्या-47 निवासी अनिल कुमार सिंह के घर में हुई। गृहस्वामी के अनुसार, वे अपने नए आवास पर रह रहे थे। शनिवार सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो तीन अलमारियों के लॉकर टूटे हुए मिले। चोर घर से 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वहीं घर की चारदीवारी के अंदर एक अज्ञात युवक की तस्वीर संदिग्ध अवस्था में मिली है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।

दूसरी घटना न्यू बी-टाइप के समीप स्थित अनिल कुमार के निजी आवास में हुई। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल और सोने की नथिया पर हाथ साफ कर दिया।

वहीं तीसरी वारदात बी ब्लॉक क्वार्टर संख्या-168 निवासी सुखदेव यादव के घर में हुई। परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और 11 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र, सोने के आभूषण तथा चांदी की पायल चोरी कर फरार हो गए।

एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने रात में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलने के बाद भूली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports