सिंदरी: विश्व प्रसिद्ध बहुदा (उल्टा रथ) यात्रा के पावन अवसर पर सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के कुसमाटांड़ मोड़ से अलकडीहा स्थित एमओसीपी (MOCP) इस्कॉन सेंटर तक भव्य रथयात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
रथयात्रा में सिंदरी की भाजपा नेत्री तारा देवी एवं धनबाद जिला ग्रामीण मंत्री डॉ. निशी महतो भी शामिल हुईं। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान के रथ की रस्सी खींची तथा परंपरा के अनुसार रथ के आगे झाड़ू लगाकर श्रद्धा अर्पित की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सिंदरी विधानसभा क्षेत्र सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। रथयात्रा के दौरान पूरा मार्ग “जय जगन्नाथ” के जयघोष और भक्ति गीतों से भक्तिमय बना रहा।
















