पटना: बिहार पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र से 1,994.28 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहटा-सरमेरा फोरलेन पर ग्राम चेसी स्थित कचरा प्रबंधन इकाई के समीप प्लास्टिक से ढके स्थान पर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 1,994.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके पर मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















