झरिया: झरिया के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए देव प्रभा माइनिंग एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने जीनागोरा सेठ कोठी क्षेत्र के 50 विस्थापित परिवारों को नव निर्मित लक्ष्मी कॉलोनी में सभी बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराया। बुधवार को आयोजित समारोह में कंपनी के निदेशक कुंभनाथ सिंह, सह-प्रबंध निदेशक एल.बी. सिंह तथा लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर कॉलोनी का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह से पहले नव निर्मित काली मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और विस्थापित परिवारों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम में नॉर्थ तीसरा परियोजना पदाधिकारी अजय कुमार विश्वकर्मा, एरिया एजीएम परवेज आलम, जयरामपुर पीओ अनिल कुमार, विवेक सिंह, पार्षद संजय यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर निदेशक कुंभनाथ सिंह ने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता झरिया के विस्थापितों को उनके अपने क्षेत्र में ही सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि कंपनी अब तक लगभग 20 हजार विस्थापित परिवारों का पुनर्वास कर चुकी है। लक्ष्मी कॉलोनी में लाभुकों को आवास के साथ एलॉटमेंट पत्र भी सौंपे गए हैं तथा पेयजल, स्वच्छ जलापूर्ति, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कंपनी इसी तरह विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और बेहतर जीवन स्तर के लिए कार्य करती रहेगी। नए घर और एलॉटमेंट पत्र मिलने से लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विस्थापितों ने कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे झरिया क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
















