धनबाद: करकेंद स्थित शनि मंदिर के समीप मां मथुरासिनी धर्मशाला में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मन्नान मल्लिक की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता हुब्बन मल्लिक ने कहा कि स्व. मन्नान मल्लिक ने अपने कार्यकाल में करकेंद और आसपास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में फिर से पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है, जिसे लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया जाएगा ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान हुब्बन मल्लिक ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। श्रद्धांजलि सभा में वैभव सिंह, तारकेश्वर यादव, गोपाल शर्मा, रविंद्र वर्मा सहित कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















