धनबाद: कोयले की राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला धनबाद अब औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश करने जा रहा है। जिले के बेलगढ़िया में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क के तहत आधुनिक टेक्सटाइल फैक्ट्री स्थापित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना के लिए बीसीसीएल, जेआरडीए, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और राजधानी यूनिवर्सल फैब्रिक्स के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। जिला प्रशासन के अनुसार, सितंबर-अक्टूबर तक परियोजना का शिलान्यास करने की तैयारी चल रही है।
प्रस्तावित फैक्ट्री के शुरू होने पर करीब 2,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं परिवहन, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा, खानपान और अन्य सहायक क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
बेलगढ़िया में वर्षों पहले अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित परिवारों को बसाया गया था। आवास मिलने के बावजूद रोजगार की कमी यहां की प्रमुख चुनौती रही है। ऐसे में इस परियोजना से स्थानीय परिवारों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन का कहना है कि स्थानीय युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण (स्किल ट्रेनिंग) भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्थायी रोजगार मिल सके।
परियोजना की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि यह निवेश न केवल रोजगार बढ़ाएगा, बल्कि धनबाद को खनन के साथ-साथ टेक्सटाइल उद्योग के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















