धनबाद: झारखंड बांग्ला भाषा संघर्ष समिति की ओर से अमर क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के 118वें शहादत दिवस के अवसर पर 11 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को एल.सी. रोड स्थित जिला अध्यक्ष सम्राट चौधरी के आवासीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने की।
बैठक में शहादत दिवस समारोह की रूपरेखा, श्रद्धांजलि सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 11 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीद खुदीराम बोस के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। उनके जीवन संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान भी किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि खुदीराम बोस का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्श आज भी युवाओं में देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना जगाते हैं।
बैठक में जिला सचिव राणा चट्टराज, कल्याण घोषाल, सुशोभन चक्रवर्ती, शिबू चक्रवर्ती, मानिक चटर्जी, कल्याण चक्रवर्ती, राजू प्रमाणिक सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
















