धनबाद : सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बेकार बांध स्थित राजेंद्र सरोवर में आयोजित भव्य गंगा आरती के दौरान सर्व धर्म सामूहिक विवाह समिति ने श्रद्धालुओं की सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए समिति की महिला विंग एवं पुरुष सदस्यों ने मुख्य प्रवेश द्वार पर सेवा शिविर लगाकर शरबत और शीतल पेयजल का वितरण किया।
समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सेवा भाव के साथ जलपान की व्यवस्था की। सावन की पावन बेला में इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की और इसे मानव सेवा का प्रेरणादायी कार्य बताया।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सर्व धर्म सामूहिक विवाह समिति समाज सेवा के कार्यों के लिए सदैव समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि सावन माह में शिवभक्तों की सेवा करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
















