गोविंदपुर: झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) के तहत श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सहयोग से शुक्रवार को गोविंदपुर प्रखंड परिसर में एक दिवसीय निशुल्क परामर्श एवं नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस शिविर का संचालन महेंद्र स्किल्स ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जीटी रोड, रंगडीह (गोविंदपुर) द्वारा किया गया। शिविर में युवाओं को कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव और कॉल सेंटर एग्जीक्यूटिव जैसे क्षेत्रों में निशुल्क प्रशिक्षण की जानकारी दी गई और मौके पर ही नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि 8वीं, 10वीं (मैट्रिक) अथवा उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवक-युवतियां इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नामांकन करा सकते हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- 10वीं (मैट्रिक) की अंकपत्र/प्रमाण पत्र एवं उच्चतम शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज
- आधार कार्ड की छायाप्रति
- बैंक पासबुक की छायाप्रति
- जाति प्रमाण पत्र
- आवासीय (स्थानीय निवासी) प्रमाण पत्र
- हाल का रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
आयोजकों ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ महेंद्र स्किल्स ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जीटी रोड, रंगडीह, गोविंदपुर पहुंचकर जल्द से जल्द अपना नामांकन कराएं और इस निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाएं।
















