मैथन: दामोदर घाटी निगम (DVC) मैथन परियोजना के सीएसआर विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फुटबॉल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सीएसआर कार्यालय में हुआ, जहां मैथन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण खेल क्लबों के बीच कुल 40 फुटबॉल वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है। फुटबॉल प्राप्त करने वाले क्लबों में नीमडांगा, बेबुलडांगा, मिडिल स्कूल एरिया नंबर-6, मेढ़ा फुटबॉल क्लब, कुमावद, हनुमान सेवा क्लब, काली पहाड़ी क्लब, कैसरकुरल, एमएस क्लब, गोगना, पोलाडीह, मेढ़ा जय हनुमान क्लब और मेढ़ा कालीमाता क्लब सहित कई संस्थाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मौजूद डीवीसी मैथन के परियोजना प्रधान सुबीर कुमार साहा ने कहा कि डीवीसी का कार्य केवल विद्युत उत्पादन और आधारभूत संरचना के विकास तक सीमित नहीं है। निगम अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत समाज के समग्र विकास के लिए भी लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। यदि उन्हें उचित संसाधन, अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
डीवीसी के सीएसआर प्रबंधक डॉ. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से समाज के समग्र और सतत विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण के साथ खेलों को बढ़ावा देना भी निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराने जैसी पहल से स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान क्लबों के प्रतिनिधियों ने डीवीसी की इस पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेल सामग्री मिलने से ग्रामीण खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
मौके पर प्रवीर चांद, रौशन लकड़ा, रामकृष्ण कुमार, रवि कुमार सिन्हा, प्रशांत बनर्जी और संजय कुमार संगम सहित डीवीसी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















