धनबाद: केंद्रीय मजदूर संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के देशव्यापी जेल भरो आंदोलन के आह्वान पर धनबाद में मजदूर संगठनों और किसान सभा की ओर से संयुक्त रूप से रैली निकाली गई। जिला परिषद मैदान से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए केंद्रीय डाक विभाग, धनबाद पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया। आयोजकों के अनुसार, 200 से अधिक लोगों ने गिरफ्तारी दी। सभी को धनबाद थाना ले जाया गया और दिनभर हिरासत में रखने के बाद बिना शर्त रिहा कर दिया गया।
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जताया विरोध
जेल भरो आंदोलन को संबोधित करते हुए मजदूर और किसान नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ देशभर में आंदोलन किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि जनहित और देशहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जनपक्षीय नीतियां अपनानी चाहिए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कई मांगों को लेकर प्रदर्शन
आंदोलनकारियों ने चारों लेबर कोड के मजदूर विरोधी प्रावधानों को रद्द करने, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास की गारंटी, सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, कृषि उपज की वैधानिक न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की गारंटी और किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी जैसी मांगें उठाईं।
इसके अलावा सम्मानजनक रोजगार एवं न्यूनतम मजदूरी की कानूनी गारंटी, ग्रामीण और शहरी रोजगार गारंटी, स्कीम वर्करों तथा अनुबंधित एवं अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने वीबी-जी राम-जी अधिनियम 2025, शांति अधिनियम 2025, बिजली संशोधन विधेयक 2025, ‘सबकी सुरक्षा, सबका बीमा’ विधेयक 2025, बीज विधेयक 2025 और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025 को वापस लेने की मांग की। साथ ही निजीकरण पर रोक और स्थायी नौकरियों के ठेकाकरण को समाप्त करने की मांग भी रखी गई।
कई संगठनों के नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीटू जिला अध्यक्ष आनंदमय पाल ने की। उन्होंने जेल भरो कार्यक्रम को सफल बताते हुए सभी आंदोलनकारियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सीटू जिला महामंत्री राम कृष्णा पासवान, भारत भूषण, एआईयूटीयूसी से अनिल बाउरी, रामलाल महतो, एआईसीसीटीयू से नकुल देव सिंह, कार्तिक प्रसाद, किसान सभा से परशुराम महतो, संतोष महतो, मजदूर कर्मचारी समन्वय समिति से हेमंत मिश्रा, सपन माजी, जेसीएमयू से हराधन रजवार, रतिलाल टुडू, सीटू राज्य सचिव सपन बनर्जी, डीवाईएफआई से नौशाद अंसारी समेत विभिन्न संगठनों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन में बड़ी संख्या में मजदूर, किसान और विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि मांगों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
















