पूर्वी टुंडी (धनबाद): पूर्वी टुंडी प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, फतेहपुर के प्रांगण में सोमवार को पौधरोपण सह निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल शामिल हुए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे रोपकर की। पौधरोपण के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
बच्चों से सवाल-जवाब कर परखी पढ़ाई
पौधरोपण के बाद सीओ ने विद्यालय की कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। साथ ही बच्चों की उत्तरपुस्तिकाओं का भी गहनता से निरीक्षण किया।
बच्चों की तैयारी और जवाबों से संतुष्ट होकर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, मेहनत और लगन के जरिए ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने गांव-जवार के साथ-साथ जिले का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम में बीपीओ दीपक कुमार दे, प्रभारी प्रधानाध्यापक सुशील कुमार हेम्ब्रम, समाजसेवी अजीत मिश्रा, मधुसूदन गोराई, दिनेश भट्टाचार्य, ललन सेन सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















