धनबाद। एनएसयूआई, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के अध्यक्ष राज रंजन सिंह ने मंगलवार को पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज के नए छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर चार वर्षीय एफवाईयूजीपी (4 Year Undergraduate Programme) को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस दौरान राज रंजन सिंह ने विद्यार्थियों को एफवाईयूजीपी के तहत संचालित होने वाली सेमेस्टर प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि पढ़ाई और परीक्षा किस प्रकार आयोजित होगी तथा विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए किन मानदंडों को पूरा करना होगा।
उन्होंने छात्रों को एक वर्ष में होने वाले सेमेस्टर, इंटरनल और एक्सटर्नल परीक्षा, उत्तीर्ण-अनुत्तीर्ण होने की प्रक्रिया सहित पाठ्यक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। नए विद्यार्थियों ने भी एफवाईयूजीपी को लेकर अपनी शैक्षणिक जिज्ञासाएं और सवाल रखे, जिनका राज रंजन सिंह ने विस्तार से समाधान किया।
राज रंजन सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें अपने पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली की पूरी जानकारी रखनी चाहिए। इससे वे पढ़ाई की बेहतर योजना बना सकेंगे और समय पर अपनी तैयारी पूरी कर पाएंगे।
उन्होंने नए छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की अपील की।
इस अवसर पर पीके रॉय कॉलेज के उपाध्यक्ष आयुष सिंह, नवनीत कुमार, महासचिव गौरव चौधरी, सोहेल, गोलू, अंकुश समेत अन्य छात्र उपस्थित रहे।
















