धनबाद। डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयलानगर की छात्रा आन्या मित्तल ने अपनी प्रतिभा, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर विद्यालय और धनबाद जिले को गौरवान्वित किया है।
आन्या की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की जानकारी मिलते ही डीएवी कोयलानगर के विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए आन्या को बधाई दी। विद्यालय के लिए भी यह उपलब्धि गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय की प्राचार्या डोलन चम्पा बनर्जी ने आन्या मित्तल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान बनाना निश्चित रूप से एक असाधारण उपलब्धि है। यह सफलता आन्या की प्रतिभा, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
प्राचार्या ने कहा कि आन्या की उपलब्धि “डीएवी कोयलानगर की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय” जोड़ती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आन्या की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों के माता-पिता, अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे परिवार और विद्यालय का सामूहिक सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आन्या मित्तल की इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।
















