धनबाद। हिरापुर स्थित होटल प्रियासी में 10 अगस्त को धनबाद जिला डेकोरेटर एसोसिएशन, धनबाद शाखा का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने की। अधिवेशन की शुरुआत मंचासीन पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
अधिवेशन में शाखा के करीब 150 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डेकोरेटर व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन ने कहा कि डेकोरेटरों को इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के साथ काम करने से पहले संबंधित पार्टी के साथ विधिवत एग्रीमेंट किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन अपने सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए उचित समझौते और निर्धारित नियमों के तहत किए गए कार्यों में ही सहयोग करेगा।
वहीं, एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कार्यक्रम आयोजकों एवं काम करवाने वाली पार्टियों से कैटरिंग कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से देर रात तक नहीं रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि रात 12 बजे के बाद केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही कैटरिंग सेवा ली जाए और अन्यथा कर्मचारियों को समय पर काम से मुक्त कर दिया जाए।
अधिवेशन के दौरान संगठन की कार्यप्रणाली, सदस्यों की समस्याओं और व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने सदस्यों को एकजुट होकर अपने व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का समाधान संगठन के माध्यम से करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन के बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। होटल के समीप से शुरू हुई यात्रा धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन, चेयरमैन राजीव कुमार साव, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, महासचिव नीरज कुमार साहा, सचिव बच्चू दत्ता, मनजीत सिंह, राजेश्वर कुमार, संजय कुमार, भरत जी भगत, द्वारिका प्रसाद तिवारी सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश कुमार ने किया।
















