बीरभूम/कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर के पास सोमवार तड़के एक चार मंजिला होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है।
बताया जा रहा है कि होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लगी। उस समय कई यात्री होटल में सो रहे थे। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती तौर पर पांच लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने की पुष्टि की।
बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे लोग तारापीठ मंदिर में दर्शन के लिए आए तीर्थयात्री थे।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही होटल में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद तारापीठ क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत-बचाव कार्य के साथ घटना की विस्तृत जांच जारी है।
















