धनबाद: श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार, 17 अगस्त को भारतीय मजदूर संघ की ओर से धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में आंगनबाड़ी सेविकाओं समेत बड़ी संख्या में श्रमिकों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के समक्ष न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर ₹30 हजार प्रतिमाह करने की मांग रखी। इसके अलावा EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन ₹7,500 प्रतिमाह और महंगाई भत्ता देने की मांग भी उठाई गई।
श्रमिकों ने EPF की वेतन सीमा ₹15 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार तथा ESI की सीमा ₹21 हजार से बढ़ाकर ₹42 हजार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू करने की मांग भी रखी।
आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए भी उठी आवाज
प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी और अन्य योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने तथा उनके मानदेय में बढ़ोतरी की मांग प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही श्रम संहिताओं में श्रमिक हितों के खिलाफ बताए जा रहे प्रावधानों को हटाने की मांग की गई।
भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। धनबाद में भी श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की।
















