धनबाद: जिलेवासियों को आधार से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा का विस्तार किया है। अब जिले में 153 अधिकृत आधार सेवा केंद्रों पर नया आधार कार्ड बनवाया जा सकेगा।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के अनुसार, सरायढेला बिग बाजार के पास यूनिविस्ता टावर, प्रखंड मुख्यालय, BRC, डाकघर और विभिन्न बैंकों समेत कई स्थानों पर आधार सेवा केंद्र संचालित हैं।
इसके अलावा 55 प्रज्ञा केंद्रों (CSC) पर आधार में मोबाइल नंबर, पता, ईमेल आईडी समेत जरूरी जानकारी अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध है।
प्रशासन के मुताबिक, यूनिविस्ता टावर स्थित आधार केंद्र में दो नई मशीनें भी लगाई गई हैं, जिन्हें जल्द शुरू किया जाएगा। इससे आधार संबंधी सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी और लोगों को सुविधा मिलेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आधार से जुड़े काम के लिए केवल अधिकृत केंद्रों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही जिन लोगों का मोबाइल नंबर या पता पुराना हो चुका है, वे समय रहते अपना आधार अपडेट करा लें।
















