,

गोविंदपुर में बैंक ऑफ इंडिया का विशेष बैंकिंग शिविर, ‘खाता खोलें-समृद्ध बनें’ अभियान को मिली रफ्तार

JP Bharat Shareधनबाद/गोविंदपुर: झारखंड को वित्तीय रूप से सशक्त और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया की ओर से ‘खाता खोलें-समृद्ध बनें’ थीम के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत धनबाद के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप विशेष बैंकिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को…

JP Bharat Share

धनबाद/गोविंदपुर: झारखंड को वित्तीय रूप से सशक्त और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया की ओर से ‘खाता खोलें-समृद्ध बनें’ थीम के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत धनबाद के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप विशेष बैंकिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

बैंक ऑफ इंडिया ने ‘हर कदम आपके साथ’ और ‘मजबूत बैंक, सशक्त झारखंड’ के संकल्प के साथ आम लोगों तक आसान, सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। शिविर में सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों और संस्थानों के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध विशेष सैलरी अकाउंट और उससे मिलने वाले प्रीमियम लाभों की जानकारी भी दी गई।

ग्राम सभाओं के लिए विशेष खाते खोलने की सुविधा

कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज व्यवस्था के तहत ग्राम सभा स्तर पर पारदर्शी वित्तीय लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए विशेष बैंक खाते खोलने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। PESA और 16वें वित्त आयोग से जुड़ी आवश्यकताओं के मद्देनजर ग्राम सभाओं के वित्तीय प्रबंधन को सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

शिविर में नए बैंक खाते खोलने के साथ ही लोगों को पेंशन, बीमा, व्यक्तिगत ऋण, व्यावसायिक लोन और अन्य वित्तीय उत्पादों की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने लोगों की जरूरत के अनुसार विभिन्न योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन किया।

मौके पर पूरी की गई खाते खोलने की प्रक्रिया

बैंकिंग शिविर में पहुंचे लोगों को खाता खोलने की प्रक्रिया में सहायता दी गई और कई लोगों के खाते मौके पर ही खोले गए। बैंक अधिकारियों और बिजनेस करेस्पॉन्डेंट्स ने लोगों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

शिविर को सफल बनाने में बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर जोनल ऑफिस से प्रबंधक राजीव कुमार, केआई इस्टेट शाखा से अधिकारी विवेक कुमार सिंह, बरवाअड्डा शाखा प्रबंधक राहुल कुमार, आमाघाटा शाखा से अधिकारी अशोक कुमार तथा केके पॉलिटेक्निक शाखा से अधिकारी विवेक कुमार मंडल मौजूद रहे।

इसके अलावा बैंक के बिजनेस करेस्पॉन्डेंट्स डालू कुमार महतो, इरफान और नित्यानंद मंडल सहित अन्य कर्मचारियों ने भी शिविर में आए लोगों को आवश्यक जानकारी दी और खाता खोलने समेत विभिन्न बैंकिंग प्रक्रियाओं में सहयोग किया।

बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, वित्तीय लेनदेन को अधिक पारदर्शी बनाने और लोगों को विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ झारखंड को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाना है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports