धनबाद: होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को तोपचांची प्रखंड से चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा किया गया। जिला प्रशासन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग प्रखंड और शहरी क्षेत्र के चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल एवं दस्तावेज सत्यापन किया जा रहा है। 22 अगस्त को एगारकुंड और धनबाद ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा।
इसके बाद 24 अगस्त को शहरी गैर-तकनीकी धनबाद एवं शहरी गैर-तकनीकी चिरकुंडा, 25 अगस्त को शहरी गैर-तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 1 से 100 तक के पुरुष अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा।
वहीं 27 अगस्त को मेधा सूची क्रमांक 101 से 200 तक के पुरुष अभ्यर्थियों, 29 अगस्त को शहरी तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 1 से 115 तक के पुरुष अभ्यर्थियों तथा 31 अगस्त को मेधा सूची क्रमांक 1 से 24 तक की महिला और 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थियों का मेडिकल एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा।
प्रशासन ने छूटे हुए अभ्यर्थियों को 1 सितंबर 2026 को मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने का अंतिम अवसर दिया है।
मूल दस्तावेज और फोटो लाना जरूरी
प्रशासन के अनुसार सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन में प्रस्तुत सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां और पीछे नाम व रोल नंबर लिखे चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ स्वयं उपस्थित होना होगा।
पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए चार जांच टीमें और एक मेडिकल टीम तैनात की गई है।
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील
उपायुक्त ने चयनित अभ्यर्थियों से किसी भी बिचौलिए के झांसे में नहीं आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर काम कराने का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना सीधे संबंधित होमगार्ड डीएसपी को दी जाए। साथ ही अभ्यर्थियों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा गया है।
मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान होमगार्ड कमांडेंट सूर्यकांत कुमार सहित जांच एवं मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे।
















