धनबाद। नावाडीह इलाके में 22 वर्षीय युवती पल्लवी राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवती ने आत्महत्या की थी, लेकिन घटना की परिस्थितियों को देखते हुए धनबाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पल्लवी राय की शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घर में मौत हुई थी। परिजनों ने बताया कि उसने फंदे से लटककर जान दी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मौत के कई घंटे बाद अस्पताल पहुंचाया गया शव
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर युवती की मौत सुबह करीब पांच बजे हो गई थी, तो उसे दोपहर करीब दो बजे अस्पताल क्यों ले जाया गया। पुलिस को भी घटना की तत्काल सूचना नहीं दी गई थी।
बताया गया कि शाम करीब चार बजे परिवार के कुछ लोग धनबाद थाना पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किया। इसी दौरान पुलिस को मौत और घटनाक्रम की जानकारी मिली। परिवार के बयान और घटनाक्रम में अंतर मिलने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।
अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने रोका
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस ने अंतिम संस्कार से पहले चिरागोड़ा श्मशान घाट पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय के अनुसार, परिजनों के थाना पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। घटनाक्रम संदिग्ध प्रतीत होने पर शव को अंतिम संस्कार से पहले कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















