गोविंदपुर। गोविंदपुर ऊपर बाजार स्थित महामंत्र महावीर मंदिर में मंगलवार को भक्ति और आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में काशी से पहुंचे आचार्य सोनू पांडेय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महादेव का भव्य रुद्राभिषेक कराया गया।
रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने जल, दूध और विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक किया। भक्तों ने महादेव से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। पूजा के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा।
उज्जैन की तर्ज पर हुआ भव्य श्रृंगार
शाम के समय भगवान महादेव की विशेष श्रृंगार आरती का आयोजन किया गया। उज्जैन की तर्ज पर किए गए आकर्षक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महादेव के अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
आरती के दौरान भक्तों ने जयकारे लगाते हुए भगवान भोलेनाथ की आराधना की। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजन में श्रद्धालुओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में विवेकानंद पांडेय, सूरज पांडेय और दीपक पांडेय समेत कई श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वहीं, मंसाराम अग्रवाल परिवार की ओर से राजेश, शरद अग्रवाल, शंकर, गोपाल और गोविंद अग्रवाल सहित परिवार के सदस्यों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
















