टुंडी (धनबाद): स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने बुधवार को टुंडी थाना पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व खास अंदाज में मनाया। छात्राओं ने थाना प्रभारी उमाशंकर समेत पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह जताया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को बहन का दर्जा देते हुए उनकी सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को मिठाई और उपहार देकर सम्मानित किया। इस पहल से छात्राओं और पुलिस के बीच विश्वास व अपनापन और मजबूत हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को संस्कार, सामाजिक समरसता और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
















