धनबाद : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर टुंडी स्थित लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम और संबलपुर स्थित ओल्ड एज होम में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पर्व मनाया गया। इस दौरान आश्रम में रह रहे बुजुर्गों और सदस्यों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में पारिवारिक माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों ने एक-दूसरे के प्रति स्नेह और अपनत्व जताते हुए रक्षाबंधन के महत्व को साझा किया।
आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और सुख-दुःख में साथ खड़े रहने की भावना से जुड़ा है। रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सम्मान और रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने सभी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हर परिवार में प्रेम, खुशियां और अपनापन बढ़ाए।
कार्यक्रम में सचिव डॉ. डी. सरण, कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर बरनवाल, सह सचिव सुरेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी विजय सिन्हा समेत आश्रम के अन्य सदस्य एवं लोग मौजूद रहे।
















