देवघर : नगर थाना पुलिस ने सिविल लाइन, नंदन पहाड़ निवासी शंभू कुमार के घर हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, किशन कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुंदन कुमार पिछले करीब दो महीने से शंभू कुमार के घर में रह रहा था। 19 अगस्त की सुबह घर का गोदरेज खुला मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत अन्य सामान गायब थे। घटना के बाद कुंदन भी घर से लापता हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने कुंदन को उसके दो साथियों किशन कुमार और राहुल कुमार के साथ गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी में सोने की चेन, मंगलसूत्र, लॉकेट, अंगूठियां, नथ, बेसर, चांदी की पायल-चेन और 1.55 लाख रुपये नकद समेत कई सामान चोरी होने का उल्लेख है।
नगर थाना प्रभारी रवि कुमार के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने एक लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी जेवरात और अन्य सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
















