केंदुआ : रक्षाबंधन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गोनूडीह ओपी क्षेत्र के भोलानाथ बसेरिया स्थित बसेरिया नंबर-5 तालाब में डूबने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बाघमारा के माटीगढ़ा निवासी बच्चा रक्षाबंधन के मौके पर अपनी मां के साथ अपने मौसा करीमन चौहान के घर भोलानाथ बसेरिया आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह पास के तालाब में नहाने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने काफी देर तक अपने स्तर से उसकी तलाश की, लेकिन रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान बच्चा तालाब के गहरे पानी में चला गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर गोनूडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन के अवसर पर हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
















