धनबाद : शहर के गोल्फ ग्राउंड में दोबारा ‘डिज्नीलैंड मेला’ लगाए जाने की तैयारियों के बीच स्थानीय लोगों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने विरोध जताया है। मैदान में नापी का काम शुरू होने के बाद लोगों की नाराजगी सामने आई।
स्थानीय निवासी अभय कुमार के नेतृत्व में लोगों ने उपायुक्त और नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मेले का आयोजन किसी दूसरे स्थान पर कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोल्फ ग्राउंड शहर के बीच स्थित प्रमुख सार्वजनिक मैदान है, जहां रोजाना लोग मॉर्निंग वॉक, फुटबॉल समेत विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवा भी यहां शारीरिक अभ्यास करते हैं।
लोगों का कहना है कि लंबे समय तक मेला लगने से मैदान की नियमित गतिविधियां प्रभावित होती हैं। साथ ही मेला समाप्त होने के बाद गंदगी और अव्यवस्था के कारण मैदान को दोबारा सामान्य स्थिति में लाने में भी समय लगता है।
स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने प्रशासन से खेल गतिविधियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए गोल्फ ग्राउंड को मेले के आयोजन से मुक्त रखने की मांग की है।
















