धनबाद : वासेपुर के आरा मोड़ में देर रात एक दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। आग वसीम फल वाले की दुकान में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि दुकान में ड्राई फ्रूट, स्नैक्स और गेठिया-पापड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रखी थी। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान पूरी तरह जल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
















