झरिया : सुदामडीह थाना क्षेत्र के मोहुलबनी मुक्तिधाम में रविवार को शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान कुश कुमार, उपेंद्र यादव और मुखदेव यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सीएफआरआई क्षेत्र निवासी स्वर्गीय शिवदास यादव के शव को अंतिम संस्कार के लिए मोहुलबनी मुक्तिधाम लाया गया था। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान पैसे की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और घाट के डोम राजा के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद परिजनों ने खुद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान डोम राजा की ओर से करीब 25 से 30 लोगों को मौके पर बुलाया गया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना में कुश कुमार और उपेंद्र यादव के सिर में चोट लगी, जबकि मुखदेव यादव के हाथ में गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।
मारपीट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया-जोरापोखर ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















