धनबाद: केंद्रीय टीम और प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर के प्रस्तावित निरीक्षण से पहले बेलगड़िया पुनर्वास कॉलोनी में साफ-सफाई और साज-सज्जा का काम तेज होने से स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। कॉलोनी में जगह-जगह सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि निरीक्षण के बाद भी अगर यही व्यवस्था नियमित रूप से बनी रहे, तभी इसका वास्तविक लाभ कॉलोनी के लोगों को मिलेगा। कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या सफाई और सुविधाओं में हुआ यह बदलाव स्थायी रहेगा या निरीक्षण के बाद स्थिति पहले जैसी हो जाएगी।
एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी उठे सवाल
कॉलोनी में एंबुलेंस लगाए जाने को लेकर भी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधा के लिए एंबुलेंस जैसी व्यवस्था यदि उपलब्ध कराई गई है, तो इसे केवल निरीक्षण के समय तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
बेलगड़िया के लोगों की मांग है कि केंद्रीय टीम कॉलोनी की वास्तविक स्थिति का जायजा ले और यहां साफ-सफाई, स्वास्थ्य, पानी, बिजली समेत मूलभूत सुविधाओं को स्थायी रूप से बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाए।
अब देखने वाली बात होगी कि केंद्रीय टीम के दौरे के बाद बेलगड़िया में शुरू हुई सफाई और सुविधाओं की यह तस्वीर आगे भी बरकरार रहती है या नहीं।
















