धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर के जूनियर विंग में शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, लघु नाटिका, नृत्य और झांकी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व को दर्शाते हुए भाषण और लघु नाटिका प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में कक्षा चौथी बी के छात्र अनमोल गोर ने अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए अपने हाथों से तैयार किया हुआ प्राचार्या का सुंदर चित्र उन्हें भेंट किया। छात्र की इस रचनात्मक पहल से प्राचार्या काफी प्रसन्न हुईं और उन्होंने उसकी प्रतिभा की सराहना की।
इसके बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा में प्रस्तुति दी। श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, राधा-कृष्ण की झांकी और मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी पापिया चटर्जी, इंद्रनिल मित्रा, सचिन कुमार, कुमारी मोनी सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शिक्षक दिवस और जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
















