धनबाद: झारखंड-बंगाल सीमा के पास मैथन ओपी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। हादसा मैथन टोल प्लाजा के समीप हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े दो ट्रक चालकों को पश्चिम बंगाल की ओर से धनबाद की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक चालक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले ट्रक चालकों के रूप में बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में चालक समेत दो लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दोनों कार सवार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार सवार नशे की हालत में थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही मैथन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।
पुलिस फरार कार चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















