धनबाद: कुसुम विहार स्थित दून पब्लिक स्कूल, धनबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के डिप्टी डायरेक्टर सुनील कुमार, प्रिंसिपल बिनोद कुमार सिंह, मैनेजर दिव्यांश, वाइस प्रिंसिपल प्रिय रंजन कुमार और काउंसलर शशांक कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण के प्रेम और जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया।
छात्र-छात्राओं के उत्साह और आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की कृष्ण-राधा वेशभूषा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर जया चक्रवर्ती, शिक्षिकाओं रीना कुमारी, मुनमुन सिकदर, स्नेहा कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन पर विद्यालय के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के सत्य, प्रेम, कर्मनिष्ठा और सद्भावना के संदेश को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
















