धनबाद: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लिटिल एंजेल मोंटेसरी स्कूल में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सजकर पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया।
समारोह के दौरान बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के विभिन्न रूपों में सजकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मासूम अदाओं और आकर्षक वेशभूषा ने सभी का ध्यान खींचा।
जन्माष्टमी समारोह में बच्चों के लिए मटका फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। इसके अलावा डांस प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।
स्कूल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के लिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण हैं। इससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे और उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। जन्माष्टमी समारोह के दौरान बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और उत्साह से विद्यालय परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।
















